
जन एक्सप्रेस /विकासनगर :- धारचूला के कांग्रेस विधायक हरीश धामी एवं उनके साथियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों के विरोध में का बारे में गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय किशोर के नेतृत्व में विकासनगर के मुख्य बाजार चौक पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक नवप्रभात ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की मर्यादाओं को लगातार समाप्त करती जा रही है। किसी भी सरकारी कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक की उपस्थिति और उसकी अध्यक्षता लोकतांत्रिक परंपरा का हिस्सा है, लेकिन मुख्यमंत्री की मौजूदगी में भी क्षेत्रीय विधायक हरीश धामी को अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया और उनका माइक बंद कर दिया गया। यह लोकतांत्रिक और संवैधानिक परंपराओं के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र की समस्याओं को उठाने पर विधायक और उनके साथियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करना दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि प्रदेश सरकार पुलिसिया कार्रवाई के माध्यम से विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है। विधायक हरीश धामी अपने क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराना चाहते थे, लेकिन भाजपा नेताओं द्वारा ऐसा माहौल बनाया गया कि उन्हें अपनी बात रखने से रोका गया। उनका माइक बंद किया गया और विरोध करने पर उनके तथा उनके साथियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर दिए गए। उन्होंने कहा कि आज पूरी कांग्रेस पार्टी और प्रदेश की जनता विधायक हरीश धामी के साथ खड़ी है। कांग्रेस विपक्ष की आवाज दबाने की इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध करेगी। पुतला दहन कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव शम्मी प्रकाश, ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, हरबर्टपुर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, विकासनगर शहर अध्यक्ष विकास शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष बॉबी नौटियाल, कुसुम कौशल, शशि चौहान, सोहेल पाशा , नीरज रोहिल्ला, जीशान अली, सुरेंद्र शर्मा, अनुपम कपिल, इस्लाम, हुसनदीन,सहित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






