बिहार

भारत सत्याग्रह के तहत कांग्रेस ने किया समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन

बेगूसराय । बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बेगूसराय जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शुक्रवार को बेगूसराय समाहरणालय के समक्ष जय भारत सत्याग्रह आंदोलन के तहत विरोध प्रदर्शन एवं घेराव किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह एवं संचालन जिला उपाध्यक्ष अधिवक्ता डॉ. रजनीश कुमार ने किया।

मौके पर अर्जुन प्रसाद सिंह ने कहा कि सच्चाई की आवाज उठाने वाले राहुल गांधी की संसद की सदस्यता समाप्त करवा दिया गया। केंद्र सरकार की तानाशाही रवैया के खिलाफ पूरे देश में कांग्रेस जय भारत सत्याग्रह आंदोलन के तहत विरोध प्रदर्शन एवं घेराव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर सरकार उनको किसी ना किसी जाल में फंसाकर जेल भेजना चाहती है।

सत्ता के शहंशाह के कुछ मित्र 2014 में दुनिया भर के अमीर व्यक्तियों की सूची में 609वें स्थान पर थे। इनके कार्यकाल में वह आठवें नंबर पर कैसे पहुंच गए। अदानी के शेयर में 20 हजार करोड़ किसके हैं, यह सवाल लोकसभा में राहुल गांधी द्वारा पूछे जाने मात्र से उनकी सदस्यता रद्द करवा दी गई। उन पर ऐसे मुकदमें किए गए हैं, जिन मुकदमों में आज तक इतना अधिक सजा राहुल गांधी के सिवा किसी अन्य व्यक्ति को नहीं मिली है। अदानी मामले पर जेपीसी की जांच क्यों नहीं कराई जाती है।

वरिष्ठ नेता नारायण सिंह ने कहा कि हमारा देश संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित देश है। लेकिन आज वही संविधान और लोकतंत्र पर कुठाराघात हमले हो रहे हैं। हमारा लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। राहुल गांधी की यही बात सत्ताधारी के पूंजीपति मित्रों को रास नहीं आया। राहुल गांधी सरकार के रवैए पर सवाल उठाते रहेंगे, जनता की बात को जनहित में उठाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button