CrimeCyber Fraudutrakhandउत्तरकाशी

जिला बदर होने के बावजूद नैनीताल में मिला आरोपी, 20 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार

बनभूलपुरा पुलिस की कार्रवाई, तीन माह के लिए किया गया था जिला बदर; एनडीपीएस एक्ट और गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :-  नैनीताल जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने 20 नशीले इंजेक्शनों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को तीन माह के लिए जिला बदर किया गया था, लेकिन इसके बावजूद वह जिले की सीमा में मिला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 21 अक्टूबर 2026 को बनभूलपुरा पुलिस ने गौला पार्किंग के पास चेकिंग के दौरान वसीम उर्फ चिंगाडू (43) निवासी गफूर बस्ती, वार्ड नंबर-24, बनभूलपुरा को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के आदेश पर आरोपी को 16 अक्टूबर 2026 को तीन माह के लिए जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद उसके जिले में प्रवेश करने पर पुलिस ने कार्रवाई की।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20 इंजेक्शन बरामद किए। इनमें 10 बुप्रेनॉर्फिन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन और 10 एविल इंजेक्शन शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ बनभूलपुरा कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट और उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले से दो एनडीपीएस एक्ट और एक गुंडा नियंत्रण अधिनियम का मामला दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार यादव, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल दिलशाद अहमद शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button