डीएम की अध्यक्षता में हुई सीएसआर फंड से कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई विगत दिवस स्वामी विवेकानंद सभागार में डीएम राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में सीएसआर फंड के अंतर्गत कराए जा रहे, पूर्ण हो चुके तथा प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में सीएसआर फंड के माध्यम से कराए जा रहे कार्यों की प्रगति एवं प्रस्तावित कार्यों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में जिला प्रोबेशन कार्यालय, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जवाहर नवोदय विद्यालय तथा समाज कल्याण विभाग में सीएसआर फंड से कराए जा रहे एवं प्रस्तावित कार्यों के संबंध में चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएसआर फंड से कराए जा रहे कार्यों को निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए। साथ ही, जिन विभागों में कार्य प्रस्तावित हैं, वे आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना सुनिश्चित करें, ताकि सीएसआर फंड का उपयोग जनपद में आवश्यक विकास कार्यों को पूरा करने में किया जा सके। बैठक सीडीओ नेहा ब्याडवाल,डीडीओ कमलेश कुमार, उपायुक्त हर्ष प्रताप सिंह सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न फैक्ट्रियों एवं औद्योगिक इकाईयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहें।






