
जन एक्सप्रेस /बाजपुर :– किसानों की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम ऋचा सिंह ने प्रशासनिक टीम के साथ धान तौल कांटों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान फौजी कॉलोनी में स्थापित दो कांटों में से एक बंद मिला। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित संचालक को फटकार लगाई और कांटे का लाइसेंस निलंबित करने के साथ उसे मंडी परिसर में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, अखिल भारतीय किसान यूनियन की ओर से धान तौल में आ रही समस्याओं को लेकर शिकायतें की गई थीं। इसके बाद एसडीएम ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एक कांटा बंद मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीएम ऋचा सिंह ने अधिकारियों और कांटा संचालकों को निर्देश दिए कि किसानों को धान तौल कराने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी कांटों पर समय से और पारदर्शी तरीके से धान की तौल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






