नानकमत्ता में 350 लीटर कच्ची शराब बरामद, तीन भट्टियां और 10 हजार लीटर लहन नष्ट

जन एक्सप्रेस /नानकमत्ता :– ऊधम सिंह नगर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नानकमत्ता पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 350 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। इसके अलावा तीन अवैध शराब की भट्टियां नष्ट कर करीब 10 हजार लीटर लहन नष्ट किया गया।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन सफाया के तहत यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलवीर सिंह निवासी प्रतापपुर खमरिया, परमजीत सिंह निवासी बिडौरा मजोला, रंजीत सिंह निवासी प्रतापपुर खमरिया और सर्वजीत सिंह निवासी जोगीठेर, प्रतापपुर के रूप में हुई है। सभी आरोपी थाना नानकमत्ता क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने अवैध शराब की भट्टियों को नष्ट करने के साथ मौके पर मिले लहन को भी नष्ट किया। मामले में पुलिस की ओर से आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






