Crimeutrakhandउत्तरकाशी

नानकमत्ता में ‘ऑपरेशन सफाया’: 10 तमंचों के साथ 10 आरोपी गिरफ्तार

350 लीटर से अधिक कच्ची शराब बरामद, 10 हजार लीटर लहन और चार भट्टियां नष्ट; संदिग्ध के पास मिले सात क्यूआर स्कैनर और करीब 12 लाख रुपये

सुल्तान अंसारी

जन एक्सप्रेस /नानकमत्ता :-  ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र में पुलिस ने ‘ऑपरेशन सफाया’ के तहत करीब 10 घंटे तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान अवैध हथियारों और कच्ची शराब के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, अभियान में 10 लोगों को अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 13 कारतूस और तीन खोखा कारतूस भी बरामद हुए।

पुलिस के मुताबिक, आबकारी अधिनियम के तहत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 350 लीटर से अधिक अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इसके अलावा कच्ची शराब बनाने वाली चार भट्टियों को नष्ट किया गया और करीब 10 हजार लीटर लहन नष्ट किया गया। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने 14 संदिग्ध व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 172 के तहत संरक्षण में लिया। वहीं, दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से सात क्यूआर कोड स्कैनर और करीब 12 लाख रुपये नकद बरामद होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस को साइबर अपराध से जुड़े होने की आशंका है। बरामद नकदी और स्कैनर के स्रोत तथा संभावित साइबर अपराध से संबंध की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अभियान एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन और एसपी सिटी रुद्रपुर के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें खटीमा, काशीपुर और सितारगंज के क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में विभिन्न थानों की पुलिस, एसओजी, पीएसी और अन्य पुलिस इकाइयों की टीमें शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध हथियारों, कच्ची शराब, नशीले पदार्थों और साइबर अपराध से जुड़े मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button