जनादेश को कुछ स्वीकार नहीं कर पा रही है कांग्रेस – परिहार

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही न्याय यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता कांग्रेस को पूरी तरह नकार चुकी है,लेकिन पार्टी जनादेश को स्वीकार नहीं कर पा रही है। यही वजह है कि कांग्रेस ईवीएम,चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अविश्वास का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है।
वीरवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कुंदन परिहार ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी देश में कई बार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए एसआईआर आवश्यक प्रक्रिया है। इसके माध्यम से घुसपैठियों,मृत मतदाताओं,दोहरे पंजीकरण और अन्य अपात्र प्रविष्टियों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार हटाया जाता है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी को चुनाव के समय ही मंदिरों की याद आती है,जबकि अन्य समय मस्जिदों के चक्कर लगाती है। परिहार ने कहा कि कांग्रेस हताशा और निराशा में है,जनता का विश्वास जीतने में विफल रही है।
वह सीजेपी का सहारा लेकर देश में तख्तापलट करना चाहती है। प्रदेश महामंत्री ने कांग्रेस के पूर्ववर्ती शासनकाल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि पटवारी भर्ती,ग्राम पंचायत विकास अधिकारी भर्ती सहित विभिन्न नियुक्तियों में भ्रष्टाचार के मामले सामने आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने शासनकाल में लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी जवाब दे।अंकिता भंडारी प्रकरण पर बोलते हुए परिहार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मामले को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है और इसे राजनीतिक मुद्दा बना रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से की गई कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपी जेल में हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अंकिता के माता-पिता की मांग पर सरकार ने सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं और मामले की जांच सीबीआई कर रही है। परिहार ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।कुंदन परिहार ने दावा किया कि भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में 60 सीटों के लक्ष्य के साथ लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश स्तर पर चुनावी तैयारियों में जुटी है और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा को समर्थन देगी। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट,जिलाध्यक्ष उदय रावत,सहप्रभारी सतेंद्र राणा,दायित्वधारी खेम सिंह चौहान,जोत सिंह बिष्ट,सोना सजवाण,राजेश नौटियाल,विनोद रतूड़ी,पूर्व विधायक धन सिंह नेगी आदि उपस्थित थे।






