Crimeutrakhand

चर्च के पास नवजात बच्ची को छोड़ने के आरोप में मां समेत तीन गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :-  सिंह कॉलोनी स्थित सेंट जॉन चर्च के पास नवजात बच्ची को कार के नीचे कपड़े में लपेटकर छोड़ने के मामले में रुद्रपुर पुलिस ने बच्ची की मां समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार, 19 अक्टूबर को ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के आजादनगर से तीनों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, बच्ची का जन्म बिलासपुर के एक अस्पताल में हुआ था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे चर्च के पास छोड़ दिया गया था।

पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि सिंह कॉलोनी की गली नंबर एक स्थित चर्च रोड पर सेंट जॉन चर्च के पास खड़ी एक कार के नीचे कपड़े में लिपटी नवजात बच्ची पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को जिला अस्पताल रुद्रपुर में भर्ती कराया। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया। मामले की जानकारी चाइल्ड केयर कमेटी को भी दी गई।

इस मामले में कोतवाली रुद्रपुर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नवजात बच्ची का जन्म 16 अक्टूबर की रात बिलासपुर स्थित एक अस्पताल में हुआ था। 17 अक्टूबर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद बच्ची को घर ले जाने के बजाय चर्च के पास छोड़ दिया गया। पुलिस की विवेचना में यह भी सामने आया कि दोनों महिलाएं मुनीश पाल की मोटरसाइकिल से बच्ची को चर्च के पास लेकर गई थीं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button