‘जख्म चेहरे पर था, हौसलों पर नहीं’ थीम के तहत महिलाओं व बालिकाओं को किया जागरूक

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत ‘नवदुर्गा नव संकल्प’ अभियान के तहत थाना हरपालपुर पुलिस की टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान ‘जख्म चेहरे पर था, हौसलों पर नहीं’ थीम के माध्यम से महिलाओं को विपरीत परिस्थितियों में भी साहस और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से संबंधित प्रावधानों के बारे में बताया गया। पुलिस टीम ने किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।
महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा महिला हेल्पलाइन 181 सहित अन्य उपयोगी नंबरों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और जरूरत पड़ने पर बिना किसी संकोच के सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर उपनिरीक्षक अंजना सचान, महिला आरक्षी संध्या कुमारी, महिला आरक्षी आशा सिंह एवं महिला आरक्षी आसनी राजावत मौजूद रहीं।






