
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस ने 4.35 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और 210 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत 18 अक्टूबर को अपर उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह दानू पुलिस टीम के साथ सिडकुल चौकी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग करने जा रहे थे। इसी दौरान धर्मकांटे से करीब 100 मीटर दूर पहाड़ी उकरौली की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर तीन-चार युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर युवक भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य मौके से फरार हो गए।
पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान बंटी सागर (22) पुत्र रामदास, निवासी वार्ड नंबर छह सितारगंज के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक वीवो मोबाइल फोन, 210 रुपये नकद और पारदर्शी पन्नी में रखा मटमैले रंग का चूर्णनुमा पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर पन्नी सहित पदार्थ का वजन 5.16 ग्राम और पन्नी हटाने के बाद वजन 4.35 ग्राम पाया गया। पुलिस ने बरामद पदार्थ को प्रथम दृष्टया स्मैक (हेरोइन) बताया है।
इस मामले में कोतवाली सितारगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस फरार युवकों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।






