
चंद्रप्रकाश बहुगुणा
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- सौम्यकाशी की ऐतिहासिक श्री आदर्श रामलीला समिति द्वारा आयोजित 75वें अमृत महोत्सव में आज युद्ध, करुणा और भक्ति का दिव्य संगम देखने को मिला। चौपाई ‘आयुसु मागि राम पहिं अंगदादि कपि साथ, लछिमन चले क्रुद्ध होइ बान सरासन हाथ के भाव के साथ लक्ष्मण अंगदादि वानरों संग युद्ध को चले और ‘लछिमन मेघनाद द्वौ जोधा, भिरहिं परसपर करि अति क्रोधा’ के भीषण युद्ध ने दर्शकों की सांसें थाम दीं।
घायल वीर पलाश के लाल फूलों से शोभित हो रहे थे। मेघनाद की शक्ति से मूर्छित लक्ष्मण, श्रीराम का विलाप और सुषेण वैद्य के परामर्श पर हनुमान द्वारा संजीवनी लाकर लक्ष्मण को पुनर्जीवन देने के दृश्य ने पूरे रामलीला मैदान को भाव-विभोर कर दिया।
आज मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार सहित चिकित्सा विभाग और भाजपा महिला प्रकोष्ठ की मातृशक्ति मौजूद रही।
इस दिव्य आयोजन की शोभा बढ़ाने वाली मातृशक्तियों में उषा चौहान, विमला जुयाल, पूनम नौटियाल, विनीता सेमवाल, अनीता राणा, विजय महर, प्रमिला भट्ट, बामू देवी, किरन रमोला, रूपमोहनी राणा और मोनिका नेगी की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने रामलीला को शक्ति और भक्ति का विशेष दर्जा दिया।






