utrakhandउत्तरकाशीटिहरी

कुंजापुरी मेले में नेगी दा के सुरों और दीक्षा बडोनी के धमाकेदार डांस से बंधा समां

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- ऐतिहासिक और अपनी स्वर्ण जयंती मना रहे 50वें सिद्धपीठ मां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सातवीं सांस्कृतिक संध्या में भारी जनसैलाब उमड़ा। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मेला संरक्षक व कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विशिष्ट अतिथि राजेंद्र विक्रम सिंह पवार, गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी, विनीता बिष्ट और गजा के नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों द्वारा मुख्य कलाकार नरेंद्र सिंह नेगी और मशहूर डांसर दीक्षा बडोनी को शॉल, ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

मंच से दर्शकों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी का गरिमापूर्ण परिचय रखा। उन्होंने एक ऐतिहासिक संस्मरण साझा करते हुए बताया कि करीब 40-45 वर्ष पूर्व, जब नरेंद्र सिंह नेगी सूचना विभाग टिहरी में कार्यरत थे, तब उनके गानों और इस कलात्मक सफर की शुरुआत इसी नरेंद्रनगर और कुंजापुरी मेलों के मंच से ही हुई थी। उन्होंने भगवान से नेगी दा के उज्ज्वल भविष्य, दीर्घायु और हमेशा स्वस्थ रहने की कामना की। इसी दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मेले के विकास और भव्यता के लिए मंच से बड़ी दानराशि की जानकारी दी कि मेले के सफल आयोजन हेतु प्रसिद्ध समाजसेवी दिनेश चमोली द्वारा ₹21 लाख की बड़ी दान राशि दी गई है। इसके अतिरिक्त, वेस्टर्न ग्रुप (वेस्टर्न होटल) द्वारा ₹20 लाख और ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान द्वारा ₹10 लाख की दान राशि दी गई है। इस बड़े सहयोग के लिए उन्होंने सभी का विशेष आभार व्यक्त किया।

इसके उपरान्त जब गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने मंच संभाला, तो पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। इस शाम का सबसे खास पल तब आया जब मंच पर नेगी दा और उनके सुपुत्र कविलाश नेगी ने एक साथ सुर से सुर मिलाकर अपना सुपरहिट गढ़वाली गीत ‘मेरे को पहाड़ी ना बोलो’ गाया। इसके बाद नेगी दा ने ‘तेरो मछोई’, ‘नारंगी की दाणी हो’, ‘नौछमी नरैणा’ और ‘क्या दिन क्या रात’ जैसे सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियां दीं। वहीं, मशहूर डांसर दीक्षा बडोनी ने मंच पर आते ही अपने तेजतर्रार और हाई-एनर्जी स्टेप्स से दर्शकों का मन मोहा। दीक्षा ने ‘झुमकी’, ‘मेरी पहाड़न’, ‘नखर्याली” जैसे धमाकेदार गानों पर ऐसी शानदार प्रस्तुति देकर पंडाल में मौजूद दर्शकों को अपनी कुर्सियों छोड़कर थिरकने पर मजबूर किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button