CrimeCyber Fraudutrakhandउत्तरकाशी

खटीमा की रामलीला में हादसा, तलवार गर्दन में घुसने से 22 वर्षीय कलाकार घायल

खर्दूषण का किरदार निभा रहे अमित जोशी को गंभीर चोट, आनंद हॉस्पिटल में चल रहा उपचार; चिकित्सकों के अनुसार अब खतरे से बाहर

जन एक्सप्रेस /खटीमा :-  कांजाबाग मार्ग स्थित श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में आयोजित रामलीला के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। खर्दूषण का किरदार निभा रहे 22 वर्षीय कलाकार अमित जोशी की गर्दन में तलवार घुसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी जीभ भी कट गई। घटना के बाद रामलीला स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायल कलाकार को उपचार के लिए आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है।

जानकारी के अनुसार, रामलीला में सूर्पणखा की नाक कटने के बाद खर्दूषण के भगवान श्रीराम से युद्ध करने का दृश्य मंचित किया जा रहा था। इसी दौरान युद्ध के दृश्य में गिरने का अभिनय करते समय अमित के हाथ में मौजूद असली तलवार की नोक उनकी गर्दन में घुस गई। इससे उनकी गर्दन और जीभ में गंभीर चोटें आईं।

हादसा अचानक होने के कारण शुरुआत में दर्शकों को लगा कि यह रामलीला के दृश्य का ही हिस्सा है। कुछ ही सेकंड बाद वास्तविक स्थिति सामने आने पर वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घायल कलाकार को तत्काल खटीमा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें आनंद हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।

आनंद हॉस्पिटल के डॉ. कुलदीप सिंह और डॉ. अखिलेश गुप्ता सहित चिकित्सकों की टीम ने घायल कलाकार का उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, अमित अब खतरे से बाहर हैं। हालांकि, गंभीर चोटों के चलते उन्हें कई दिनों तक आराम करने की सलाह दी गई है।

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश जोशी ने बताया कि अमित जोशी अच्छा अभिनय करते हैं। रामलीला के मंचन के दौरान यह अप्रत्याशित हादसा हुआ, जिससे सभी लोग चिंतित हो गए। उन्होंने बताया कि हादसे के बावजूद रामलीला का मंचन जारी रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button