
जन एक्सप्रेस /बाजपुर :- बाजपुर में शान-ए-पंजाब होटल के सामने से चोरी हुई जेसीबी मशीन को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के संभल जिले के बहजोई क्षेत्र से बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में मथुरा निवासी 34 वर्षीय यूनिस उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जेसीबी की तलाश में एक सप्ताह तक अभियान चलाया गया और 1200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
पुलिस के मुताबिक, सुल्तानपुर पट्टी के मोहल्ला टांडा बंजारा निवासी दिलशाद पुत्र अनवार हुसैन ने 11 अक्टूबर को कोतवाली बाजपुर में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी जेसीबी मशीन संख्या यूके18-सीए-4838 को पांच अक्टूबर को काम समाप्त होने के बाद मुंडिया पिस्तौर स्थित शान-ए-पंजाब होटल के सामने खड़ा किया गया था। सात अक्टूबर की सुबह चालक राशिद अली मशीन लेने पहुंचा तो जेसीबी मौके से गायब मिली। काफी तलाश करने के बाद भी मशीन का कोई सुराग नहीं लगा।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों ने घटनास्थल से उत्तर प्रदेश की सीमा तक राष्ट्रीय राजमार्गों, चौराहों और टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिरों की मदद ली गई। हाईवे किनारे ढाबा संचालकों और दुकानदारों से पूछताछ कर जेसीबी की आवाजाही के संबंध में जानकारी जुटाई गई।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को संभल जिले के बहजोई क्षेत्र से चोरी की गई जेसीबी बरामद कर यूनिस उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया गया। आरोपी उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के थाना राया क्षेत्र के गांव खिरारी का निवासी बताया गया है। पुलिस ने बरामदगी के बाद मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) भी बढ़ाई है।
सात लाख रुपये में सौदा होने की बात आई सामने
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने जेसीबी का सात लाख रुपये में सौदा होने की बात बताई है। आरोपी ने पप्पू, रंजीत, शहनवाज, प्रशांत और अंशु निवासी बाजपुर के नाम भी बताए हैं। पुलिस आरोपी के बयान के आधार पर इन लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह, उपनिरीक्षक कैलाश नगरकोटी, देवेंद्र सिंह मेहता और संदीप शर्मा सहित कोतवाली बाजपुर तथा एसओजी काशीपुर की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी है।






