उत्तरकाशीउत्तराखंड

श्रीकालखाल इंटर कॉलेज डुंडा में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, छात्रों को सिखाए बचाव के तरीके

जिला संवाददाता – सीपी बहुगुणा

जन एक्सप्रेस / उत्तरकाशी: राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्रीकालखाल, डुंडा में मंगलवार को सीड संस्था के आपदा प्रबंधन अधिकारी मोहन सिंह राणा के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन विद्यालय तैयारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं को आपदा से बचाव एवं प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया गया।

आपदा प्रबंधन अधिकारी मोहन सिंह राणा और उनकी टीम ने प्रशिक्षण के दौरान आपदा की स्थिति में बचाव के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी। प्रशिक्षण में भूकंप, बाढ़, अतिवृष्टि, आग, चोट, गला चोक होने और नाक से खून आने जैसी आकस्मिक परिस्थितियों में बचाव एवं प्राथमिक उपचार के उपाय बताए गए।

मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपात स्थिति में त्वरित निर्णय लेने, सुरक्षित स्थान तक पहुंचने और संकट के दौरान प्रभावी तरीके से समस्या का समाधान करने का अभ्यास कराया गया।

सीड संस्था की ओर से विद्यालय को इमरजेंसी किट, फायर ग्लव्स, इलेक्ट्रिक सेफ्टी ग्लव्स, स्ट्रेचर, मेगाफोन, रेडियो, माइक, सेफ्टी रस्सी, फायर ब्लैंकेट और प्राथमिक उपचार किट सहित आपदा बचाव से संबंधित आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

मोहन सिंह राणा ने बताया कि उत्तरकाशी जिले में अब तक 23 विद्यालयों में संस्था की ओर से आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण दिया जा चुका है और आवश्यक आपदा बचाव सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।

कार्यक्रम का संचालन इन्द्रमणि चमोली ने किया। शिक्षक बलवीर सिंह ने सीड संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों के लिए इस तरह का प्रशिक्षण बेहद उपयोगी है।

कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं को उपहार भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुमेरा प्रजापति, अनुराधा बिजल्वान, बलवीर सिंह, कुलदीप पंवार, तीरथराज, सुकरदेई रावत, रविन्द्र सिंह, इन्द्रमणि चमोली, गोपीचंद भण्डारी, पूनम रानी रावत, मोनिका भट्ट, नवप्रीत, अरविन्द भट्ट, नीरज कुमार सहित विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button