utrakhandउत्तरकाशीखेलटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगराज्य खबरेंशहर खबरें

658 किमी की हिमालयन MTB चैलेंज रेस के साइकिलिस्ट पहुंचे रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा में करेंगे रात्रि विश्राम

हरियाणा के शिवेन ने जीता आज का चरण, लद्दाख के त्सेवांग नोरबू दूसरे और आर्मी एडवेंचर टीम के खुशिमान घरती रहे तीसरे स्थान पर

जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :-  उत्तराखंड के प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित पंचम Ultimate Uttarakhand Himalayan MTB Challenge 2026 के प्रतिभागी रविवार को जनपद रुद्रप्रयाग पहुंचे। 658 किलोमीटर लंबी इस चुनौतीपूर्ण साइकिल रेस में देश-विदेश के साइकिलिस्ट अपनी प्रतिभा और दमखम दिखा रहे हैं। साइकिलिस्टों का रात्रि विश्राम तिलवाड़ा में होगा।

उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) के तकनीकी सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता 20 से 26 नवंबर तक चल रही है। रेस मुक्तेश्वर (नैनीताल) से शुरू होकर मसूरी (देहरादून) तक 658 किलोमीटर का सफर तय करेगी। बागेश्वर से विभिन्न पर्वतीय मार्गों को पार करते हुए साइकिलिस्ट रविवार को रुद्रप्रयाग पहुंचे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 नवंबर को तिलवाड़ा में विश्राम दिवस रहेगा। इसके बाद 24 नवंबर को साइकिलिस्ट टिहरी के कोटी कॉलोनी के लिए रवाना होंगे। साइकिलिस्टों के सुरक्षित आवागमन और आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन ने निर्धारित रूट पर यातायात नियंत्रण, सुरक्षा एवं समन्वय की व्यवस्था सुनिश्चित की है। तिलवाड़ा में प्रतिभागियों के ठहरने, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी प्रबंध किया गया है।

शिवेन ने मारी बाजी, त्सेवांग दूसरे स्थान पर

रेस के रविवार को आयोजित चरण में हरियाणा के शिवेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। लद्दाख के त्सेवांग नोरबू दूसरे और आर्मी एडवेंचर टीम के खुशिमान घरती तीसरे स्थान पर रहे। तीनों साइकिलिस्टों ने कठिन पहाड़ी रास्तों पर अपनी सहनशक्ति और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया।

उल्लेखनीय है कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर की साइकिल रेस कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के 10 जनपदों से होकर गुजर रही है। प्रतियोगिता का उद्देश्य उत्तराखंड के प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। साथ ही प्रदेश को साइकिलिंग और एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस दौरान जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार और जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button