ड्यूटी पर जाते समय वन बीट अधिकारी की दर्दनाक मौत, पत्नी और तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
वन बीट अधिकारी की दर्दनाक मौत: गश्त पर जा रही बाइक अनियंत्रित होकर पलटी, 34 साल का अजय कुमार मौके पर ही शहीद पीछे छोड़ गईं तीन मासूम बेटियां और टूटे माता-पिता

जन एक्सप्रेस /विकास नगर :- टीमली रेंज के सभावाला वन बीट क्षेत्र में तैनात 34 वर्षीय वन बीट अधिकारी अजय कुमार निवासी गुप्तकाशी की शनिवार को ड्यूटी पर जाते समय हुई सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। टीपापुर के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे उनके सिर में गहरी चोटें आईं और वे मौके पर ही दम तोड़ गए। यह हादसा पूरे वन विभाग और स्थानीय इलाके को झकझोर कर रख गया है। जानकारी के मुताबिक, अजय कुमार शनिवार को अपने बीट क्षेत्र की नियमित गश्त के लिए बाइक से निकल रहे थे। टीपापुर इलाके के पास पहुंचते ही बाइक का कंट्रोल उनके हाथ से छूट गया। बाइक सड़क पर जाकर उलट गई और अजय बुरी तरह सड़क पर पटक गए। सिर में आई गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों और साथियों ने तुरंत मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
अजय कुमार अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनकी मौत की खबर सुनकर माता-पिता का बुरा हाल है। वे रो-रोकर बेहाल हैं और सदमे से उबर नहीं पा रहे। पत्नी और तीन छोटी बेटियों का सहारा अब छिन गया है। परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है। परिजनों का कहना है कि अजय हमेशा अपनी ड्यूटी के प्रति ईमानदार और समर्पित रहते थे। वे जंगलों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के काम में लगे रहते थे। टीमली रेंज के रेंज अधिकारी विनय नौटियाल ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, अजय कुमार हमारे विभाग का एक मेहनती और ईमानदार अधिकारी थे। उनकी असामयिक मौत से पूरे विभाग को गहरा सदमा पहुंचा है। उनके परिवार के साथ हमारी पूरी संवेदना है। इस दुख की घड़ी में भगवान उन्हें सहन करने की ताकत दें। उन्होंने बताया कि अजय कुमार का दाह संस्कार हरिद्वार में किया जा रहा है। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी इलाकों की सड़कों की स्थिति और ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। इलाके में शोक की लहर फैल गई है।






