हेलमेट नहीं पहनने वालों को चालान नहीं, एसएसपी ने भेंट किया सुरक्षा का उपहार
त्रिशूल चौक पर एसएसपी अजय गणपति ने खुद बांटे हेलमेट, दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाली सवारी को भी किया जागरूक।

जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :- सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान रुद्रपुर के त्रिशूल चौक पर एसएसपी अजय गणपति ने स्वयं वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों को चालान करने के बजाय हेलमेट भेंट कर सुरक्षा का संदेश दिया गया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य लोगों को दंडित करने के बजाय उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
एसएसपी ने वाहन चालकों को बताया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाली सवारी को भी हेलमेट पहनने की अपील की। साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में वाहन चालकों और उपस्थित लोगों को नियमित रूप से हेलमेट पहनने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर प्रमोद कुमार, पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात अनुषा बड़ोला, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर, यातायात निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






