
जन एक्सप्रेस /चमोली :- मां नंदा की पावन स्थली कांसुवा में आरसीसी (RCC) क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन के मुकाबलों का शुभारंभ यूथ फिजिकल एकेडमी कर्णप्रयाग के संस्थापक अनिल नेगी उर्फ अनिल फौजी ने बतौर मुख्य अतिथि किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों, युवाओं और ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि पहाड़ के युवाओं में प्रतिभा, जोश और जुनून की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने बताया कि यूथ फिजिकल एकेडमी कर्णप्रयाग पिछले कई वर्षों से युवाओं को मार्गदर्शन देने और उनके भविष्य को संवारने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि मां नंदा की स्थली कांसुवा श्री नंदा देवी राजजात यात्रा का प्रथम पड़ाव और उद्गम स्थल है। यहां के युवाओं में खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपार प्रतिभाएं छिपी हुई हैं। क्रिकेट टूर्नामेंट के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और विभिन्न पुरस्कार अपने नाम कर रहे हैं। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पहाड़ टीवी कर्णप्रयाग के संवाददाता पंकज कुमेड़ी ने खिलाड़ियों को खेल भावना, आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ खेलने का संदेश दिया। वहीं अति विशिष्ट अतिथि श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल देवलकोट के प्रधानाचार्य मुकेश सिंह कुंवर ने आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आरसीसी क्रिकेट टूर्नामेंट का अपना गौरवशाली इतिहास रहा है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच मिलता है।

चौरड़ा एकादश ने 10 विकेट से दर्ज की जीत
दूसरे दिन का पहला मुकाबला चौरड़ा एकादश और नगली की टीम के बीच खेला गया। नगली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 61 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चौरड़ा एकादश ने बिना कोई विकेट गंवाए मुकाबला अपने नाम कर लिया। चौरड़ा एकादश के कबीर को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 18 रन बनाए।
वहीं दूसरा मुकाबला पिंडवाली बी और बसक्वाली एकादश के बीच खेला गया। इसमें बसक्वाली एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। इस अवसर पर महिला मंगल दल कांसुवा, नवयुवक मंगल दल कांसुवा सहित आयोजन समिति के उपाध्यक्ष योगेश कुंवर, अध्यक्ष विजय सिंह रावत, समाजसेवी पृथ्वी सिंह कुंवर, रामी लाल, राकेश सिंह कुंवर, मनवर सिंह कुंवर, नवीन बहुगुणा, संजय रावत, जयदीप रावत, अंपायर सुमित चौहान एवं मनोज कोहली, कमेंटेटर वीरेंद्र सिंह रावत तथा कार्यक्रम संचालक नरेंद्र सिंह रावत सहित अनेक ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे।






