हरदोई में उपनिरीक्षक रामकरन प्रसाद निलंबित, विभागीय जांच के आदेश
उच्चाधिकारियों को बिना सूचना दिए मुकदमे की धाराओं में किया था लोप, एसपी ने की कार्रवाई

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई पुलिस विभाग में कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने के मामले में पुलिस अधीक्षक हरदोई ने एक उपनिरीक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। थाना पचदेवरा में तैनात उपनिरीक्षक रामकरन प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक रामकरन प्रसाद द्वारा थाना बघौली में पंजीकृत एक अभियोग में अपने उच्चाधिकारियों को सूचित किए बिना ही अभियोग की धाराओं का लोप कर दिया गया था। इस मामले को कर्तव्यों एवं दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही मानते हुए एसपी हरदोई ने कार्रवाई की है।
एसपी के निर्देश पर उपनिरीक्षक रामकरन प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कराई गई है।वहीं एसपी ने जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने कर्तव्यों और दायित्वों के निर्वहन में किसी प्रकार की उदासीनता या शिथिलता न बरतें। नियमों के विपरीत कार्य करने अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस विभाग की इस कार्रवाई से महकमे में अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखने का संदेश दिया गया है।






