
जिला संवाददाता/रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- सांडी थाना क्षेत्र के हसौलिया गांव निवासी शिवम सिंह पुत्र राजपाल सिंह करीब एक वर्ष बाद सकुशल अपने परिवार के बीच पहुंच गए। लंबे समय से लापता शिवम की तलाश में परेशान परिजनों को उस समय बड़ी राहत मिली, जब सांडी पुलिस ने उन्हें सकुशल बरामद कर उनके बड़े भाई अभिषेक सिंह पुत्र राजपाल सिंह के सुपुर्द कर दिया। एक साल बाद परिवार से मिलकर शिवम के परिजनों के चेहरों पर खुशी और सुकून दिखाई दिया।
जानकारी के अनुसार, हसौलिया गांव निवासी शिवम सिंह करीब एक वर्ष पहले लापता हो गए थे। उनके अचानक गायब होने से परिवार के लोग काफी परेशान थे। परिजनों ने शिवम की काफी खोजबीन की, लेकिन लंबे समय तक उनका कोई पता नहीं चल सका। बेटे की तलाश में परिवार के लोग लगातार प्रयास करते रहे।
इसी बीच सांडी थानाध्यक्ष पुष्पराज कुशवाहा ने पुलिस टीम के साथ शिवम सिंह को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शिवम को उनके बड़े भाई अभिषेक सिंह के सुपुर्द कर दिया।
करीब एक वर्ष बाद शिवम को अपने बीच पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। लंबे समय से बिछड़े परिजन जब शिवम से मिले तो उनके चेहरों पर मुस्कान लौट आई। परिवार के लिए यह पल भावुक कर देने वाला रहा। शिवम की सकुशल बरामदगी से परिजनों ने राहत की सांस ली।
सांडी पुलिस की इस कार्रवाई से एक परिवार को लंबे इंतजार के बाद अपनी खुशियां वापस मिल गईं।






