utrakhandउत्तरकाशी

विदाई नहीं नए संकल्पों की शुरुआत बना जन्मशताब्दी समारोह

 चंद्रप्रकाश बहुगुणा 
जन एक्सप्रेस /हरिद्वार :- जन्मशताब्दी समारोह के विदाई सत्र में भावनाओं का ऐसा ज्वार उमड़ा कि हजारों परिजनों की आंखें नम हो गईं। समारोह का संदेश स्पष्ट रहा कि यह केवल आयोजन का समापन नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण के नए कार्यों की शुरुआत तथा और अधिक सक्रिय होने का अवसर है। इस दौरान श्रद्धेया शैलदीदी के स्वर में “नींव के पत्थरों“ गीत जब प्रारंभ हुआ तो सभी परिजनों का हृदय भावविभोर हो उठा।  विदाई सत्र को संबोधित करते हुए अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख श्रद्धेया शैलदीदी ने युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के त्याग, सेवा और समर्पण को भावपूर्वक स्मरण किया। उन्होंने कहा कि हम सभी गुरुदेव और माताजी के पुत्र-पुत्रियां हैं, इसलिए उनके आदर्शों को केवल स्मरण करना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने जीवन और व्यवहार में उतारना हमारा दायित्व है। सेवा, साधना और समाज निर्माण का जो मार्ग उन्होंने दिखाया उसी पर आगे बढ़ना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। श्रद्धेया शैलदीदी ने कहा कि विदाई का यह क्षण भावनाओं और संवेदनाओं से भरा है। समारोह के दौरान मिली प्रेरणा, आत्मीयता और संकल्पों को हृदय में संजोकर आगे के जीवन और सामाजिक कार्यों में उतारना ही इस आयोजन की सार्थकता होगी।
इस अवसर पर पिछले एक दशक से अधिक समय से वृक्षारोपण और संरक्षण में जुटे स्वयंसेवकों, आदर्श ग्राम निर्माण में योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं, जलस्रोतों की सफाई और संरक्षण अभियान से जुड़े परिजनों तथा मध्य प्रदेश के गुरुकुलों में व्यसनमुक्ति अभियान चला रहे स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अखंड भारत की सांस्कृतिक विविधता भी मंच पर जीवंत हुई। छत्तीसगढ़ी गढ़वाली गुजराती असमिया ओडिशा बंगाली झारखण्डी छउ सहित विभिन्न राज्यों की लोकनृत्य प्रस्तुतियों ने देश की सांस्कृतिक एकता और विविधता का सुंदर चित्र प्रस्तुत किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री खीरू महतो, निहंग हरदीप सिंह, महामंडलेश्वर स्वामी रूपेन्द्र प्रकाश  आदि को दलनायक डॉ चिन्मय पण्ड्या ने गायत्री महामंत्र उपवस्त्र, रुद्राक्ष माला, प्रतीक चिह्न आदि भेंट कर सम्मानित किया। वहीं समारोह में उत्कृष्ट सेवा सहयोग करने वाले स्वयंसेवकों को पुष्प वर्षा कर सम्मानित किया। समारोह का समापन विदाई सेवा संस्कार,
 पर्यावरण संरक्षण, व्यसनमुक्ति और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को नई गति देने के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर भारत के विभिन्न राज्यों तथा अमेरिका, कनाडा समेत 40 देशों से आए गायत्री परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button