utrakhandउत्तरकाशी

जन्मशताब्दी समारोह के अंतिम दिन के दूसरे सत्र में संत समागम

 चंद्रप्रकाश बहुगुणा

जन एक्सप्रेस /हरिद्वार :- जन्मशताब्दी समारोह के अंतिम दिन के दूसरे सत्र के मुख्य अतिथि आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद जी महाराज ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य अशांति, कलह, उन्माद, अराजकता तथा प्रभुत्व और वर्चस्व की प्रवृत्तियों से जूझ रहा है। ऐसे समय में विश्व शांति और सामाजिक समरसता की पुनर्स्थापना सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पिछले सौ वर्षों से निरंतर प्रज्वलित अखंड ज्योति केवल आध्यात्मिक साधना का प्रतीक नहीं, बल्कि मानवता को प्रकाश, सद्भाव और समरसता की दिशा देने वाली प्रेरक शक्ति है। परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा को आद्यशक्ति का स्वरूप बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके तप, त्याग, करुणा और मातृत्व ने गायत्री परिवार को विराट सामाजिक एवं आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने गायत्री परिवार के कार्यों को विश्वबंधुत्व, मानवीय एकता और सामाजिक समरसता की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि वर्तमान समय एक बड़े वैचारिक और नैतिक समुद्र मंथन का काल है। एक ओर त्याग, सेवा, सद्भाव और परमार्थ की शक्तियां हैं, तो दूसरी ओर स्वार्थ, लोभ, अहंकार और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं मानवता के सामने चुनौती बन रही हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार समुद्र मंथन से विष के बीच अमृत की प्राप्ति हुई, उसी प्रकार आज भी श्रेष्ठ विचारों और संस्कारों से सकारात्मक परिवर्तन संभव है। भारतीय संस्कृति के मूल भाव ‘आत्मवत् सर्वभूतेषु’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सभी प्राणियों में आत्मभाव देखने से ही संवेदना, सह-अस्तित्व और सामाजिक समरसता विकसित होती है। उन्होंने प्रकृति को पूजनीय धरोहर बताते हुए कहा कि वर्तमान संकटों का समाधान केवल बाहरी व्यवस्थाओं से नहीं, बल्कि विचार, भाव और आचरण के परिवर्तन से होगा। स्वार्थ से सेवा और संघर्ष से सहयोग की ओर बढ़ना ही सच्चा युग परिवर्तन है।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी देवी स्वरूपा है, इसलिए नारी सम्मान और सशक्तीकरण समाज की प्रगति के लिए आवश्यक है। सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए उन्होंने ऊंच-नीच और भेदभाव की भावना समाप्त करने का आह्वान किया। महंत रवींद्र पुरी ने गायत्री परिवार के अश्वमेध यज्ञ जैसे आयोजनों को राष्ट्र जागरण और सामाजिक एकता का माध्यम बताया। युवाओं से उन्होंने तकनीक और आधुनिक विज्ञान में आगे बढ़ते हुए अपनी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यही समन्वय भारत को विश्व नेतृत्व की दिशा में आगे ले जाएगा। पुलिस महानिदेशक श्री अभिवन कुमार ने भी अपने विचार प्रकट किये। इस अवसर पर दलनायक डॉ चिन्मय पण्ड्या ने अतिथियों एवं अन्य को विशेष रूप से सम्मानित किया। इस दौरान 40 देशों से आये गायत्री परिवार के परिजन आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button