
जन एक्सप्रेस/सितारगंज :- निजी विद्यालयों के शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी लगाए जाने की चर्चा को लेकर मान्यता प्राप्त प्रबंधक संघ ने नाराजगी जताई है। इस संबंध में अंबेडकर बाल निकेतन, बलुआ टोला गोठा में संघ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी लगाए जाने से विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई।
बैठक में संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में विद्यालयों में मासिक एवं वार्षिक परीक्षाओं के साथ ही बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां चल रही हैं। ऐसे समय में निजी विद्यालयों के शिक्षकों को जनगणना ड्यूटी में लगाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।
प्रबंधक संघ ने निर्णय लिया कि जल्द ही खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से शिक्षाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। संघ ने अधिकारियों से निजी विद्यालयों की शैक्षणिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी लगाने के निर्णय पर पुनर्विचार करने और इसे वापस लेने की मांग की।
बैठक में संघ अध्यक्ष ध्रुव नारायण शर्मा के साथ सर्वजीत सिंह माटा, जगदीश गुरुरानी, राम प्रसाद कश्यप, इमरान खान, कैलाश चंद जोशी, ए.के. मिश्रा, आशीष कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक मौजूद रहे।






