वैकुंठ चतुर्दशी पर होगा हरि-हर मिलन का अलौकिक दृश्य, 22 नवंबर को मनाया जाएगा पर्व
भगवान विष्णु को अर्पित होंगे बेलपत्र और भगवान शिव को तुलसी दल, रात्रि में विशेष पूजा-अर्चना का रहेगा महत्व

जन एक्सप्रेस /हाथरस :- कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी यानी वैकुंठ चतुर्दशी का पर्व 22 नवंबर, रविवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर भगवान विष्णु और देवाधिदेव महादेव के हरि-हर मिलन का अलौकिक धार्मिक दृश्य देखने को मिलेगा। इस दिन भगवान श्रीहरि विष्णु को बेलपत्र तथा भगवान शिव को तुलसी दल अर्पित करने की परंपरा निभाई जाएगी।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वैकुंठ चतुर्दशी के दिन भगवान शिव सृष्टि के संचालन का दायित्व पुनः भगवान विष्णु को सौंपते हैं। इसी मान्यता के चलते इस पर्व का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इस दिन शिव और विष्णु दोनों की पूजा-अर्चना की जाती है। श्रद्धालु भगवान विष्णु के साथ देवाधिदेव महादेव की आराधना कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना करते हैं।
पंचांग के अनुसार, वैकुंठ चतुर्दशी की तिथि 22 नवंबर की रात्रि 12:30 बजे से प्रारंभ होकर 23 नवंबर की रात्रि 10:59 बजे तक रहेगी। तिथि और विशेष काल के संयोग के चलते इस बार वैकुंठ चतुर्दशी का पर्व विशेष महत्व रखेगा। रविवार को श्रद्धालु विधि-विधान से भगवान हरि और हर की पूजा-अर्चना करेंगे।






