नानकमत्ता में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, दो नामजद आरोपी गिरफ्तार
फायरिंग कर युवक की हत्या और दहशत फैलाने का आरोप, 24 घंटे के भीतर पुलिस ने पकड़े दो आरोपी; तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद

संवाददाता सुल्तान अंसारी
जा एक्सप्रेस /नानकमत्ता :- ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता में फायरिंग कर युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को ग्राम सिद्धानवदिया निवासी सोनू सिंह ने कोतवाली नानकमत्ता में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने अवैध तमंचों से लैस होकर एकराय होकर उनके घर पर पथराव और फायरिंग की। इस दौरान उनके 35 वर्षीय भाई सतनाम सिंह को गोली लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके निर्देश पर पुलिस की पांच टीमें गठित की गईं। पुलिस ने वादी के बयान, साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए कुलदीप सिंह उर्फ बंटी (28) पुत्र स्व. बूड सिंह निवासी ग्राम सिद्धानवदिया और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (23) पुत्र दयाल सिंह निवासी नौगजा को मटिहा बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान कुलदीप के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी अलग-अलग मामले दर्ज हैं। अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में नानकमत्ता कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत, मनोज जोशी, संजय कुमार, सितारगंज के उपनिरीक्षक प्रदीप कोहली, खटीमा के उपनिरीक्षक अशोक कांडपाल, उपनिरीक्षक नवल किशोर सहित एसओजी ऊधम सिंह नगर की टीम और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।






