utrakhandउत्तरकाशीटिहरीटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगधर्म

गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने की तारीख तय, 10 नवंबर को शीतकाल के लिए होंगे बंद

 चंद्रप्रकाश बहुगुणा

जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने का शुभ मुहूर्त शारदीय नवरात्र की नवमी के पावन पर्व पर घोषित कर दिया गया है। श्री 5 मंदिर समिति गंगोत्री धाम के तीर्थ पुरोहितों ने विधि-विधान और पंचांग गणना के साथ मुहूर्त निकाला है।

मंदिर समिति के आधिकारिक पत्र के अनुसार आगामी 10 नवंबर 2026, अन्नकूट पर्व के शुभ अवसर पर दोपहर 12 बजकर 05 मिनट पर गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए विधिवत बंद किए जाएंगे।

कपाट बंद होने के साथ ही मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास के लिए मुखबा गांव के लिए प्रस्थान करेगी। शीतकाल के छह महीनों तक श्रद्धालु मुखबा गांव में ही मां गंगा के दर्शन और पूजन कर सकेंगे।

हर वर्ष गंगोत्री धाम में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु मां भागीरथी के दर्शन को पहुंचते हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र में शीतकाल में भारी हिमपात और तापमान माइनस में जाने के कारण चारधाम यात्रा के कपाट बंद करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। इसी क्रम में गंगोत्री धाम में भी यात्रा का समापन अन्नकूट पर होता है।

गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल ने कहा कि कपाट बंद होने की सभी तैयारियां समिति द्वारा पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे नियत समय से पूर्व दर्शन कर पुण्य लाभ लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button