
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- सीमावर्ती क्षेत्रों में ग्रामीणों को सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुरक्षा बल व नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 57वीं वाहिनी ने वाइब्रेंट विलेज कुमराहा में नागरिक कल्याण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान ग्राम पंचायत के सामुदायिक उपयोग के लिए कुर्सियां और मेजें वितरित की गईं।
कमांडेंट गंगा सिंह उदावत की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सरिता राणा भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान कमांडेंट ने ग्रामीणों को स्वच्छता, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान और जल संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से इन विषयों को दैनिक जीवन में अपनाने और समाज में जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
कुर्सियों और मेजों के वितरण से ग्राम पंचायत में बैठकों और अन्य सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। इस पहल का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को बढ़ावा देना और स्थानीय ग्रामीणों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है।
एसएसबी सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के कल्याण और विकास के लिए भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करती है। इन प्रयासों से सुरक्षा बल और ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और समन्वय को मजबूत करने में मदद मिलती है। कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान सरिता राणा और ग्रामीणों ने एसएसबी के प्रति आभार व्यक्त किया।






