
जन एक्सप्रेस /काशीपुर :- एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में यातायात पुलिस काशीपुर द्वारा समर स्टडीज स्कूल में सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पुलिस टीम ने बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। वहीं, चारपहिया वाहन में सफर करते समय नियमित रूप से सीटबेल्ट लगाने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई।
विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती महत्वपूर्ण समय के महत्व के बारे में भी बताया गया। पुलिस ने समझाया कि घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाई जा सकती है। इसके साथ ही सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले लोगों को मिलने वाले कानूनी संरक्षण और प्रोत्साहन की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।






