पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय हरदोई में DEAR गतिविधि का आयोजन, विद्यार्थियों से लेकर शिक्षकों तक ने एक साथ किया पुस्तक अध्ययन

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई विद्यार्थियों में पठन-पाठन की रुचि विकसित करने, पुस्तकों के प्रति लगाव बढ़ाने तथा नियमित अध्ययन की आदत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय हरदोई में आज प्रातःकाल केन्द्रीय विद्यालय संगठन के पठन एवं साक्षरता अभियान के अंतर्गत विशेष गतिविधि ‘डियर’ (DEAR – Drop Everything and Read) का आयोजन किया गया। इस गतिविधि की विशेषता यह रही कि इसमें विद्यालय के समस्त विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। निर्धारित समय पर सभी ने अपनी नियमित गतिविधियों को विराम दिया और अपनी-अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकें, कहानियाँ, साहित्यिक रचनाएँ एवं अन्य पठनीय सामग्री पढ़ने में समय व्यतीत किया। विद्यालय का प्रत्येक सदस्य इस सामूहिक पठन गतिविधि का हिस्सा बना। इस दौरान पूरे विद्यालय में अध्ययन, एकाग्रता और ज्ञानार्जन का सकारात्मक वातावरण दिखाई दिया।
‘डियर’ गतिविधि का मूल उद्देश्य केवल पढ़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में स्वाध्याय की प्रवृत्ति विकसित करना, उनकी शब्दावली एवं भाषा कौशल को समृद्ध करना तथा कल्पनाशीलता, रचनात्मकता, तार्किक चिंतन और अभिव्यक्ति क्षमता का विकास करना भी है। पुस्तकों के नियमित अध्ययन से विद्यार्थियों में ज्ञान के प्रति जिज्ञासा उत्पन्न होती है और उनमें जीवनपर्यंत सीखते रहने की भावना विकसित होती है। उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय विद्यालय संगठन द्वारा 15 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक ‘एक माह, अनेक पुस्तकें, जीवनभर की आदत’ (One Month, Many Books, A Lifelong Habit) विषयवस्तु पर पठन एवं साक्षरता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन 25 से 30 मिनट पठन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय हरदोई की यह पहल विद्यालय में पठन संस्कृति को सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों के साथ-साथ समस्त विद्यालय परिवार को पुस्तकों से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। प्राचार्य मोहम्मद राशिद ने कहा कि केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहकर पुस्तकों को हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। पुस्तकें हमारी सच्ची मित्र हैं। पढ़ने की आदत ही ज्ञान, विचार और व्यक्तित्व विकास का आधार है।






