हाथरस पुलिस में बड़ा फेरबदल , तीन थानों के बदले प्रभारी, जानिए किसे मिली कहां जिम्मेदारी
थानाध्यक्ष सासनी बने ललित कुमार शर्मा, वहीं अवधेश कुमार को प्रभारी निरीक्षक सदर कोतवाली बनाया गया

जन एक्सप्रेस /हाथरस :- कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने तीन पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। देर रात जारी आदेश के अनुसार हाथरस जंक्शन, कोतवाली सदर और हसायन थाने से संबंधित नई तैनाती की गई है। हाथरस जंक्शन थाने के प्रभारी के रूप में कार्यभार संभाल रहे उपनिरीक्षक ललित कुमार शर्मा का स्थानांतरण थाना सासनी कर दिया गया है। उन्हें सासनी थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया है। ललित कुमार शर्मा उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं और अब तक हाथरस जंक्शन थाने के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
फिलहाल हाथरस जंक्शन थाने में नए थाना प्रभारी की तैनाती का आदेश जारी नहीं हुआ है। नए थाना प्रभारी की नियुक्ति को लेकर आदेश जारी होना बाकी है। इसके अलावा कोतवाली सदर में पूर्व में तैनात प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र राघव का एटा जनपद में स्थानांतरण होने के बाद से प्रभारी निरीक्षक का पद रिक्त था। अब लोक शिकायत प्रकोष्ठ में तैनात निरीक्षक अवधेश कुमार को कोतवाली सदर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
वहीं, विशेष जांच प्रकोष्ठ के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप गिरि को थाना हसायन का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। हसायन में पूर्व में तैनात प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार चिकारा का एटा जनपद में स्थानांतरण होने के कारण वहां भी प्रभारी निरीक्षक का पद रिक्त था। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्थानांतरण आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।







