utrakhandदेश

पुलिस का सड़क सुरक्षा अभियान तेज, 251 वाहनों के चालान, 10 सीज

स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए 20 बसों की जांच, चार के चालान; सात चालकों के डीएल निरस्त करने की कार्रवाई शुरू

जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :-  सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। 16 नवंबर से चल रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत पुलिस अब तक 251 वाहनों के चालान कर चुकी है, जबकि 10 वाहनों को सीज किया गया है। इसके अलावा सात वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान में स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने 20 स्कूल बसों का निरीक्षण किया, जिनमें अनियमितताएं मिलने पर चार बसों के चालान किए गए। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 33 हजार रुपये का संयोजन शुल्क भी वसूला। चेकिंग में स्कूल बसों, वैन, कैब और यात्री वाहनों के पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, बीमा और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता जांची जा रही है।

इसके साथ ही वाहनों की निर्धारित क्षमता, आपातकालीन निकास द्वार, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक चिकित्सा किट और अन्य अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी परखी जा रही है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को अभियान गंभीरता से जारी रखने तथा स्कूली बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों और संचालकों से सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button