CrimeCyber FraudUP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़राज्य खबरेंहरदोई

चार वर्षीय मासूम की हत्या का आरोपी चचेरा चाचा गिरफ्तार, दिल्ली में करता था नौकरी

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई लोनार थाना क्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीय मासूम की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को उसके चचेरे चाचा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजने की प्रक्रिया की गई। पुलिस के मुताबिक बीती 13 नवंबर को लोनार थाना क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति ने अपनी चार वर्षीय पुत्री के घर के बाहर खेलते समय लापता होने और वापस घर न लौटने की सूचना पुलिस को दी थी। इस मामले में लोनार थाने में बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी पश्चिमी और सीओ हरपालपुर के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। लगातार तलाश के दौरान 15 नवंबर को गांव के बाहर बाग में बच्ची का शव बरामद हुआ। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।

पुलिस ने बुधवार 18 नवंबर को मामले में प्रकाश में आए मृतका के चचेरे चाचा रिजबी पुत्र सुरेंद्र निवासी थाना लोनार, जनपद हरदोई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली में रहकर नौकरी करता है और दीपावली से पहले घर आया था। 13 नवंबर को दोपहर में बच्ची को खिलाने के बहाने अपने साथ खेतों पर ले गया था। वहां उसने बच्ची के साथ गलत कृत्य किया। बच्ची के घर पर यह बात न बताने की बात कहने पर डर के चलते उसने उसका गला दबा दिया और शव को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 66, 65(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5एम/6 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अक्षय मलिक, उपनिरीक्षक चंद्रप्रकाश दुबे, कांस्टेबल ओमप्रकाश बिंद, कृष्णमूर्ति मौर्य और विमलेश पटेल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button