
जन एक्सप्रेस /बागेश्वर :- जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी की टीम ने कपकोट क्षेत्र के गासी रोड पर एक युवक को 2.116 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया गया है। चरस के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही पल्सर बाइक को पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एसओजी टीम ने गासी रोड के पास बाइक संख्या यूके02-ए-8565 की जांच की। तलाशी के दौरान फरसाली वल्ली, कपकोट निवासी 22 वर्षीय नीरज सिंह कोश्यारी के कब्जे से 2.116 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इस मामले में कपकोट थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस चरस तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने कार्रवाई करने वाली एसओजी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।






