खेलकूद प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दमखम, विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय कोहड़ा में न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

जन एक्सप्रेस/जौनपुर :- सुईथाकला के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय कोहड़ा के प्रांगण में न्याय पंचायत स्तरीय परिषदीय विद्यालयों की खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में न्याय पंचायत क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन तथा प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार संतोष कुमार दीक्षित तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रधानाचार्य अमित सिंह उपस्थित रहे।
मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संतोष कुमार दीक्षित ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने मुख्य अतिथि संतोष कुमार दीक्षित और विशिष्ट अतिथि अमित सिंह को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
खेलों से निखरती है बच्चों की प्रतिभा
मुख्य अतिथि संतोष कुमार दीक्षित ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के परिषदीय विद्यालयों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है तो उन्हें उचित मंच, प्रोत्साहन और अवसर प्रदान करने की। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।
विशिष्ट अतिथि अमित सिंह ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी शिक्षा का अभिन्न अंग है। खेल विद्यार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की खेल प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने प्रतिभागियों को जीत-हार से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की सीख दी।
पुरस्कार पाकर खिले विजेता खिलाड़ियों के चेहरे
प्रतियोगिता के विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों और टीमों को अतिथियों द्वारा शील्ड, प्रतीक चिह्न एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। शिक्षकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संचालन शिक्षक राकेश यादव ने किया।
इस अवसर पर पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय कोहड़ा के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित न्याय पंचायत मोहिउद्दीनपुर क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक गिरीश चंद्र यादव शिक्षक अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।






