आजमगढ़उत्तर प्रदेशराज्य खबरें

गोवंश चोरी और गोवध के आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कार्रवाई में दोनों घायल

जन एक्सप्रेस/आजमगढ़: आजमगढ़ जनपद के थाना मुबारकपुर क्षेत्र में गोवंश चोरी और गोवध के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियुक्त पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

मामले की शुरुआत 21 मार्च 2026 को हुई, जब ग्राम बम्हौर निवासी श्रीमती उषा देवी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि 20/21 मार्च की रात अज्ञात व्यक्तियों ने उनके आम के बाग से बछड़े की चोरी कर उसका वध कर दिया और मांस वहीं फेंक दिया। इस गंभीर मामले में पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों—इमरान और कासिद—के नाम सामने आए। दोनों ही स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं और संगठित तरीके से गोवंश चोरी और गोवध की घटनाओं में संलिप्त थे।

25/26 मार्च की रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त मोटरसाइकिल से आ रहे हैं। पुलिस ने बावन बीघा मैदान, गजहड़ा के पास घेराबंदी की। संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पीछा करने पर उनकी मोटरसाइकिल गिर गई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान दोनों आरोपियों के दाहिने पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दिन में पशुओं की रेकी करते थे और रात में चोरी कर गोवध करते थे। प्रतिबंधित मांस को 400-500 रुपये प्रति किलो बेचकर लाभ कमाते थे। उनके पास से अवैध तमंचे, कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button