उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

नेपाल में भारी मात्रा में मोबाइल पार्ट्स बरामद

भारतीय सीमा से तस्करी कर नेपाल पहुंचाए गए मोबाइल से जुड़े सामान

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: भारतीय सीमा से सटे पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में अवैध तस्करी के खिलाफ नवलपरासी पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मोबाइल से जुड़े सामान बरामद किए हैं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर सुनवाल नगरपालिका क्षेत्र स्थित एक रिहायशी मकान में छापेमारी की, जहां से भारी संख्या में मोबाइल ग्लास और एयरपॉड्स प्रो बरामद किए गए।


नेपाल पुलिस प्रशासन द्वारा जब्त सामानों की गिनती में कुल 22,500 पीस मोबाइल ग्लास और 910 पीस एयरपॉड्स प्रो (ब्लूटूथ एवं एयरफोन) शामिल हैं। बरामद किए गए सामानों की कुल कीमत करीब 8 लाख 46 हजार नेपाली रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने सभी जब्त सामग्री को महेशपुर भंसार (कस्टम) कार्यालय को सुपुर्द कर दिया है। जिला प्रहरी कार्यालय परासी के सूचना अधिकारी प्रहरी नायब उपरीक्षक वीर दत्त पन्त ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि अवैध तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सूत्रों के अनुसार, भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इन दिनों तस्करी की गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। महराजगंज जनपद के सीमावर्ती क्षेत्रों में जैसे शीतलापुर, बहुआर कला, लक्ष्मीपुर खुर्द, ठूठीबारी, बरगदवा, परसामलिक, सेवतरी, भगवानपुर और सोनौली से भारतीय सामान बड़े पैमाने पर नेपाल भेजे जा रहे हैं। हालांकि नेपाल पुलिस द्वारा तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई और बरामदगी से इस बात की तस्दीक कर रही है, की बार्डर पर तस्करों और जिम्मेदारों से मिलीभगत के साथ बढ़ती तस्करी के चलते भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button