
जन एक्सप्रेस विकासनगर।पर्वतीय कोली समाज विकास समिति, विकासनगर द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में उत्कृष्ट कार्य कर रहे व्यक्तियों को सम्मानित कर उन्हें और समाज के अन्य लोगों को प्रेरणा देना रहा। समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में 80% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं, नव नियुक्त कर्मचारियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों, एवं निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।समिति ने मेधावी छात्रों को नकद धनराशि और सम्मान पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। समिति का मानना है कि छात्र यदि एक-दूसरे के अनुभव साझा करें और मार्गदर्शन प्राप्त करें, तो परीक्षा की तैयारी में उन्हें विशेष सहायता मिल सकती है। इसी उद्देश्य से नव नियुक्त कर्मचारियों और वरिष्ठों के साथ उनका संवाद स्थापित कराया गया।सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा अपने अनुभव साझा किए गए जिससे समाज की नई पीढ़ी को मार्गदर्शन मिला। जनप्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया और उन्हें उनके दायित्वों की जानकारी दी गई, साथ ही यह भी बताया गया कि कैसे वह सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में सहयोगी बन सकते हैं।
आपदा में भी साथ, राहत में आगे
कोविड काल में समिति द्वारा लगभग चार लाख रुपये की राहत सामग्री वितरित की गई थी। इसके अलावा आपदा, आगजनी या किसी गरीब परिवार में बीमारी जैसी आपात परिस्थितियों में भी समिति सहयोग करती रही है। अब तक समिति द्वारा करीब 20 लाभार्थियों को 50-50 हजार रुपये की सहायता सीधा खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर की गई है।
सामाजिक चेतना और संवाद का मंच
समिति समाज में व्याप्त कुरीतियों पर भी समय-समय पर चर्चा और विमर्श का आयोजन करती है। छात्रों का उत्साहवर्धन करने के लिए इस वर्ष संघ लोक सेवा आयोग के निदेशक श्री नरदेव वर्मा को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। श्री वर्मा जौनसार क्षेत्र के पहले ऐसे निदेशक हैं, जिन्होंने सामान्य परिवार से निकलकर उच्च पद प्राप्त किया है। उनका जीवन संघर्ष और सफलता छात्रों के लिए एक प्रेरणा स्रोत बना।
समिति का संकल्प: समाजोत्थान की निरंतर यात्रा
समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोहर लाल ने कहा कि “समिति लगातार समाजोत्थान के कार्य कर रही है और आगे भी करेगी। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, सामाजिक सौहार्द और प्रेरणा की भावना उत्पन्न होती है।”समारोह में भजन लाल शाह, श्याम कुंवर, कुंवर सिंह चौहान, नंदिता आर्य, आशा सिंह, किरण डिमरी, सरदार सिंह, रमेश सिंह, किशन सिंह, सुश्री विमला, मनमोहन कोहली, नंदलाल भारती जैसे विशिष्ट जन उपस्थित रहे। सभी ने समाज सेवा में योगदान देने का आह्वान किया और कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।






