सड़क निर्माण या लूट का खेल? ठेकेदार ने मानिकपुर बाईपास को बना दिया मज़ाक!
ग्रामीण बोले – डस्ट ज़्यादा, गिट्टी कम... भगवान बरसा रहे हैं पानी तो ठेकेदार क्यों नहीं?

जन एक्सप्रेस चित्रकूट/मानिकपुर। लंबे समय से लोगों की मांग रही मानिकपुर की हृदयरेखा कही जाने वाली जारी फाटक बाईपास रोड आखिर बन तो रही है, लेकिन काम के नाम पर भारी लापरवाही और भ्रष्टाचार सामने आ रहा है।ग्रामीणों, समाजसेवियों और पत्रकारों की वर्षों की मेहनत से यह रोड निर्माण शुरू तो हुआ, मगर अब ठेकेदार पर मानकविहीन निर्माण के आरोप लग रहे हैं।
डस्ट से भरी सड़क, गिट्टी गायब!
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जो GSB गिट्टी डाली जा रही है उसका अनुपात 30/70 होना चाहिए, लेकिन हकीकत में डस्ट ज़्यादा और गिट्टी कम दिखाई दे रही है।रोड पर न तो ठीक से बेलन चलाया जा रहा है, न ही पानी डालकर उसकी कुटाई की जा रही है,” ग्रामीणों ने बताया।
पानी भगवान बरसा रहे हैं”, जेई साहब का बेहूदा जवाब!
जब जेई से सवाल किया कि सड़क पर पानी डालकर कुटाई क्यों नहीं की जा रही है, तो उसने हँसते हुए कहा पानी तो भगवान बरसा रहे हैं, अब समझ लीजिए वही कुटाई करवा रहे हैं। अगर सड़क भगवान के भरोसे बननी है, तो ठेकेदार का क्या काम?”
कुछ दिन में बह जाएगी मिट्टी, टूट जाएगी सड़क!
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के किनारे जो मिट्टी डाली जा रही है, वह पहली बारिश में बह जाएगी और सड़क फिर से टूट जाएगी। सड़क के दोनों ओर मोरंग डालनी चाहिए, ताकि पानी सड़क में न घुसे,” ग्रामीणों ने चेतावनी दी।
ठेकेदार की मनमानी पर उठी जांच की मांग
सरहट निवासी फूल्लू विश्वकर्मा ने कहा जो सड़क बन रही है वह मानक विहीन है। मैं जिला अधिकारी व माननीय मुख्यमंत्री से अनुरोध करता हूं कि इसकी टीएसी जांच कराई जाए और सड़क को सही तरीके से बनाया जाए।ग्रामीणों ने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जन आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।जनता की मांग – लूट नहीं, सड़क चाहिए!स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई है कि वे इस मामले पर संज्ञान लें।ठेकेदार सड़क नहीं, लूट का खेल खेल रहा है,” ग्रामीणों का आरोप।अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि जनता की आवाज़ सुनते हैं या ठेकेदार की जेब में घुस जाते हैं।






