हरदोई में पेपर कप फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा,मशीन में फंसी गर्दन, 19 वर्षीय मजदूर की मौके पर मौत

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई में कोतवाली देहात क्षेत्र के अनंग बेहटा गांव के मजरा पंडित पुरवा स्थित एक पेपर कप बनाने वाली फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। फैक्ट्री में काम कर रहे 19 वर्षीय मजदूर रेहान की गर्दन अचानक मशीन में फंस गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही फैक्ट्री परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार बढ़ेयन पुरवा निवासी रेहान पुत्र आलम खान फैक्ट्री के अंदर काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह मशीन के पास अकेले ही काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी गर्दन मशीन में फंस गई और वह उसकी चपेट में आ गया। जब तक किसी को हादसे की जानकारी होती, तब तक रेहान दम तोड़ चुका था। फैक्ट्री मालिक मोहम्मद आसिफ के मुताबिक वह कुछ देर के लिए बाहर गए हुए थे। वापस लौटकर उन्होंने फैक्ट्री का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर उन्होंने पास में लगा शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए ,रेहान की गर्दन मशीन में फंसी हुई थी।
फैक्ट्री मालिक के अनुसार आशंका है कि काम करते समय रेहान मोबाइल फोन भी चला रहा था, जिससे उसका ध्यान मशीन से हट गया और वह हादसे का शिकार हो गया। इसके बाद आनन-फानन में मशीन बंद कर मजदूर को बाहर निकाला गया और परिजनों व पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। फिलहाल परिजनों की ओर से किसी तरह का आरोप नहीं लगाया गया है, लेकिन फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल जरूर उठने लगे हैं।पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।






