उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

नववर्ष पर दिव्यांगजनों को मिली राहत, डीएम ने ट्राईसाइकिल संग कंबल भी बांटे

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: जौनपुर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के समक्ष विभिन्न तिथियों पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान दिव्यांगजनों द्वारा ट्राईसाइकिल की मांग की गई थी। इसी क्रम में बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पांच दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की गई। इस अवसर पर उन्हें मिष्ठान, पुष्पगुच्छ भेंट कर नववर्ष की शुभकामनाएं भी दी गईं।

इसके साथ ही ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा सभी दिव्यांगजनों को कंबल भी वितरित किए गए। डीएम ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के निर्देश हैं कि शीतलहर के दौरान गरीब, वंचित, असहाय, बुजुर्ग एवं दिव्यांगजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसी उद्देश्य से जिले में जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की जा रही है तथा जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा से तथा दिव्यांगजन कल्याण विभाग के माध्यम से आज नंदलाल, लालताराम, रामसेवक चौहान, सुनील कुमार सोनकर एवं परदेसी बनवासी को ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक दिव्यांगजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए और उन्हें शासन द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। इस दौरान डीएम ने लाभार्थियों से राशन कार्ड, पेंशन एवं अन्य योजनाओं के संबंध में जानकारी ली, जिस पर दिव्यांगजनों ने बताया कि उन्हें योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

कार्यक्रम में दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित दिव्यांगजन कल्याण विभाग के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button