हरदोई में तेज रफ्तार बस और डंपर की टक्कर,11 बाराती घायल

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अटवा गांव के पास बारातियों से भरी एक तेज रफ्तार बस और डंपर की आमने-सामने टक्कर हो जाने से लगभग एक दर्जन बाराती घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने पहुंचकर घायलों को एम्बुलेंस व निजी वाहनों से इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया,जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार अरवल थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव निवासी दिनेश सिंह के पुत्र बादाम सिंह की शादी बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के रसूलपुर बेहरा गांव निवासी तौलेराम की पुत्री के साथ तय हुई थी।मंगलवार की शाम दिनेश सिंह अपने गांव से बस पर बारात लेकर अपने पुत्र की शादी के लिए जा रहे थे।रात के समय बारातियो से भरी बस हरदोई से लगभग 11 किलोमीटर आगे अटवा गांव के पास एक डंपर को टकरा गयी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार बाराती सदानंद,मानसिंह,जबर सिंह,मुन्नू लाल,रामकिशोर,जसकरन, राजकुमार,जीतू सहित लगभग 11 लोग घायल हो गए।घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने सभी घायलों को इलाज के लिए एम्बुलेंस व निजी वाहनों से मेडिकल कॉलेज भेज दिया।इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर ने बताया कि कुल 11 लोग घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचे हैं। सभी लोग शादी समारोह में जा रहे थे। टक्कर के कारण कुछ लोगों को सिर और सीने में चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल दो लोगों का सीटी स्कैन कराया जा रहा है, जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।क्षेत्राधिकारी नगर अंकित मिश्रा ने बताया कि बस और डंपर की टक्कर की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।






