जौनपुर: तालाब में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, परिजनों ने लगाया बुलाकर काम कराने का आरोप

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों ने तालाब मालिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार अहमदपुर गांव में मछली पालन के लिए एक बड़ा तालाब खुदवाया गया है। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने यश गौतम (14) को घर से बुलाकर तालाब में मछली छोड़ने के लिए कहा था।
बताया जा रहा है कि जैसे ही किशोर तालाब में उतरा, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह डूब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में जफराबाद थाने पहुंच गए और तालाब मालिक रिंकू सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे।
परिजनों का आरोप है कि गांव की बंजर भूमि पर जबरन तालाब खुदवाया गया था और उसी तालाब में उनके नाबालिग बच्चे की जान चली गई।
पुलिस स्तर पर तत्काल कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीण बाद में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए और प्रदर्शन किया।
इसके बाद अपर जिलाधिकारी परमानंद झा ने ग्रामीणों की शिकायत सुनते हुए मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत आरोपी रिंकू सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






