उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

25 जनवरी को जौनपुर में धूमधाम से मनाया जाएगा 16वाँ राष्ट्रीय मतदाता दिवस

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: जौनपुर जनपद में 25 जनवरी को 16वाँ राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसको लेकर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.दिनेश चन्द्र के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानन्द झा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस जनपद, तहसील एवं समस्त मतदान स्थलों पर वृहद रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मतदाता शपथ दिलाई जाएगी तथा नए युवा मतदाताओं को ईपिक कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम टी.डी. इंटर कॉलेज में 25 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित होगा।

उन्होंने बताया कि नगर के सभी इंटर व डिग्री कॉलेजों के छात्र-छात्राएं अपने-अपने कॉलेजों से मतदाता जागरूकता रैली निकालते हुए बैनर के साथ मुख्य कार्यक्रम स्थल टी.डी. इंटर कॉलेज पहुंचेंगे। यहां मतदाता जागरूकता विषय पर रंगोली, मेहंदी एवं पोस्टर-स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों व नागरिकों से अपील की कि माननीय निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में राष्ट्रीय मतदाता दिवस को पूर्ण मनोयोग एवं उत्साह के साथ मनाएं।

बैठक में प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी लाल बहादुर, सह जिला विद्यालय निरीक्षक विवेक सिंह, जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा, वरिष्ठ सहायक महमूद अली, शिवकुमार, डॉ. ब्रह्म प्रकाश प्रधानाचार्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button