उत्तराखंडनई टिहरी

सुदाड़ा गांव में शादी-समारोहों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर 21 हजार जुर्माना और सामाजिक बहिष्कार

नई टिहरी के सुदाड़ा गांव में ग्राम सभा ने बड़ा फैसला लेते हुए शादी-विवाह और सामाजिक कार्यक्रमों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

जन एक्सप्रेस नई टिहरी। जनपद के विकासखंड चंबा अंतर्गत ग्राम पंचायत सुदाड़ा ने सामाजिक सुधार की दिशा में एक बड़ा और सराहनीय कदम उठाया है। ग्राम सभा की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि गांव में शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों में शराब के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। शनिवार को ग्राम पंचायत भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान बिजेंद्र सकलानी ने की। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान “शराब नहीं, संस्कार” मुहिम से जुड़े सुशील बहुगुणा का संदेश भी साझा किया गया। उन्होंने कहा कि समाज की असली पहचान उसके संस्कारों से होती है, न कि नशे से, और सुदाड़ा का यह निर्णय अन्य गांवों के लिए प्रेरणादायक साबित होगा।

बैठक में ग्राम सुधार समिति का गठन भी किया गया, जिसमें अरविंद सिंह को अध्यक्ष, सरिता सकलानी को उपाध्यक्ष, खेमराज बिजल्वाण को सचिव, सुशीला देवी को सह सचिव और दिनेश प्रसाद को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इसके साथ ही कई अन्य ग्रामीणों को समिति का सदस्य नामित किया गया।ग्राम सभा के निर्णय के अनुसार अब किसी भी शादी-समारोह या सामाजिक कार्यक्रम में शराब का उपयोग नहीं किया जाएगा। विवाह समारोहों में डीजे रात 11 बजे तक ही चलाने की अनुमति होगी। शराब के सेवन से गांव में अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा बाहरी व्यक्तियों द्वारा शराब लाने या बेचने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई ग्रामीण बाहरी व्यक्ति को शराब उपलब्ध कराता है, तो उसे भी दंडित किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने पर 21 हजार रुपये का जुर्माना और सामाजिक बहिष्कार का प्रावधान रखा गया है। ग्रामीणों ने इस फैसले को समाज के हित में ऐतिहासिक कदम बताते हुए इसे पूरी तरह लागू करने का संकल्प लिया है। क्षेत्र में इस पहल को नशामुक्त समाज की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button