राष्ट्रीय राजमार्ग जाम व पुलिस पर हमले के मामले में 23 आरोपी गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/प्रतापगढ़: जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने तथा पुलिस बल पर जानलेवा हमला करने के गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिलाओं और पुरुषों सहित कुल 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में की गई, जिसमें पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से लाठी-डंडे, लोहे की सरिया और एक सीयूजी मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
युवक की संदिग्ध मौत से शुरू हुआ मामला
पूरा मामला मानिकपुर थाना क्षेत्र के साहूमई (बिछलहला) गांव से जुड़ा है, जहां 22 वर्षीय सूरज श्रीवास्तव की शुक्रवार को सीएचसी कुण्डा में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मृतक की मां ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके बेटे को धोखे से जहरीला पदार्थ खिलाया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अमन सोनकर, बब्बू पटेल और विनोद पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत जहर सेवन से होना सामने आया, जिसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव भेज दिया गया।
शव गांव पहुंचते ही भड़की भीड़
रविवार को जैसे ही सूरज श्रीवास्तव का शव गांव पहुंचा, परिजनों और कुछ ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने ग्रामीणों को उकसाकर शव को लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर रख दिया और यातायात पूरी तरह से बाधित कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही मानिकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन भीड़ उग्र हो गई और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
पुलिस पर हुआ पथराव, वाहन क्षतिग्रस्त
स्थिति बिगड़ते ही भीड़ ने पुलिस बल पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान एक सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 25 नामजद और 25 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस लगातार दबिश देकर आरोपियों की तलाश में जुट गई थी।
23 अभियुक्त गिरफ्तार, कोर्ट में पेश
सोमवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिलाओं और पुरुषों समेत कुल 23 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से हमले में इस्तेमाल किए गए लकड़ी के डंडे, लोहे की सरिया और एक सीयूजी मोबाइल फोन बरामद किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एएसपी पश्चिमी ने दी जानकारी
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृज नंदन राय ने बताया कि सूरज श्रीवास्तव की मौत जहर खाने से हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने राजमार्ग जाम कर दिया था। पुलिस द्वारा समझाने के दौरान भीड़ ने उग्र होकर पुलिस पर हमला कर दिया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।






