जौनपुर: अमर इंटर कॉलेज महुवारी में 26वां वार्षिकोत्सव, मेधावी छात्रों को साइकिल देकर सम्मानित

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: पराऊगंज स्थित अमर इंटर कॉलेज महुवारी में शुक्रवार को 26वां वार्षिकोत्सव एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह बड़े ही धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि लाल बिहारी यादव ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में शिक्षक समाज का आधार हैं, लेकिन उन्हें पर्याप्त सम्मान और संसाधन नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने जीवन को राष्ट्र निर्माण में समर्पित करते हैं और समाज में सच्चे संत के समान हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अच्छी शिक्षा से विकसित प्रतिभा को कोई भी बाधा लक्ष्य तक पहुंचने से नहीं रोक सकती।
विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रत्याशी संजय सरोज ने छात्रों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। वहीं डॉ. विकास यादव ने संचार के सही उपयोग से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की बात कही और शिक्षा व स्वास्थ्य को बेहतर समाज की नींव बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अमरनाथ भारती ने की। इस अवसर पर छात्रों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक, देशभक्ति गीत और जिम्नास्टिक प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहे। मुख्य अतिथि द्वारा मेधावी छात्रों को साइकिल देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रबंधक अमरनाथ यादव ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और विद्यालय के विकास कार्यों की जानकारी दी। वरिष्ठ अध्यापक रामचंद्र प्रजापति ने विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट श्यामधनी यादव ने किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।






