रामायण पाठ से गूंजेगा प्रदेश: वाल्मीकि जयंती पर भव्य आयोजन
चित्रकूट में होगा मुख्य समारोह, सभी जिलों के मंदिरों में होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम

जन एक्सप्रेस /लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार 7 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती प्रदेशभर में भव्य रूप से मनाने जा रही है। इस अवसर पर राज्य के सभी जिलों में स्थित मंदिरों और महर्षि वाल्मीकि से जुड़े स्थलों पर रामायण पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य कार्यक्रम चित्रकूट में आयोजित होगा, जहाँ महर्षि वाल्मीकि की तपोस्थली को केंद्र में रखते हुए विशेष आयोजन होंगे। स्थानीय कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शन का मंच प्रदान किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने दिए जनसहभागिता के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और आमजन को भी आयोजन से जोड़ा जाए। उनका उद्देश्य वाल्मीकि जयंती को जनआंदोलन का रूप देना है, जिसमें सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश समाहित हो।
आरके रावत होंगे नोडल अधिकारी
इस कार्यक्रम के लिए पर्यटन विभाग के उप निदेशक आर.के. रावत को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो समस्त तैयारियों की निगरानी करेंगे और जिलों के कार्यक्रमों का समन्वय करेंगे।
धार्मिक स्थलों पर विशेष आयोजन
प्रदेश के विभिन्न धार्मिक स्थलों और वाल्मीकि समाज से जुड़े प्रमुख स्थलों पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहेगा। रामायण पाठ, भजन संध्या, प्रवचन, और झांकियों के माध्यम से जनमानस को महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।






