उत्तर प्रदेश

चलती ट्रेन से युवती को अगवाकर सामूहिक दुष्कर्म

इटावा । उत्तरप्रदेश के इटावा जनपद में चलती ट्रेन में छेड़खानी का विरोध करने युवती को बेहोश कर अगवा करने के बाद गैंगरेप की वारदात सामने आई है। युवती के साथ हैवानियत की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक युवती को कार से नेशनल हाइवे पर फेंककर फरार हो गए। बेसुध हालत में घरवालों के संपर्क में आई युवती के बताने पर परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही में जुट गई है।

पीड़ित युवती ने बताया कि गत शनिवार को वह मध्यप्रदेश के सोनी स्टेशन से कोटा एक्सप्रेस से इटावा के लिए बैठी थी तभी ट्रेन की बोगी में पहले से बैठे एक युवक ने अपने मोबाइल फोन से युवती का वीडियो बनाना और फोटो खींचना शुरू कर दिया जिसका युवती द्वारा विरोध किया गया। इस दौरान युवती ने अपने मोबाइल फोन से एक आरोपी की तस्वीर भी खींच ली और दूसरी बोगी में जाकर बैठ गई लेकिन युवक उसके पीछे दूसरी बोगी में आ गए और उन्होंने कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर उसे बेहोश कर दिया। होश में आने के बाद युवती ने अपने आपको एक बंद कमरे में पाया था जिसमें तीन से चार युवक मौजूद थे और सभी युवकों ने उसके साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया। फिर उसके बाद उसे कार में डालकर थाना बकेवर क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाइवे के पास उझियानी के पास फेंककर चले गए, जिसके बाद एक महिला की मदद से वह अपने परिजनों के संपर्क में आई। घटना की जानकारी उसने अपने परिजनों को दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सतपाल सिंह ने बताया कि बीते शनिवार के एक युवती के साथ ट्रेन से अगवाकर दुष्कर्म करने की घटना संज्ञान में आई है जिसके बाद पुलिस ने पीड़िता के परिजन की तहरीर के आधार पर जीरो एफआईआर लिखकर मामले की विवेचना के लिए राजकीय रेलवे पुलिस इटावा के लिए स्थानांतरित कर दिया है। मामले में विधिक कार्यवाही राजकीय रेलवे पुलिस द्वारा की जा रही है।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजकीय रेलवे पुलिस इटावा शैलेश निगम ने बताया कि थाना बकेवर में पंजीकृत जीरो एफआईआर को विवेचना के लिए थाना जीआरपी पर स्थानांतरित किया गया है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण करवाने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button